शासकीय योजनाओं की मैपिंग और मॉनिटरिंग होगी आसान
हरदा।मध्यप्रदेश शासन के राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम तथा भारत सरकार के सूचना प्रोद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से प्रदेश के 5 जिलों हरदा, धार, उज्जैन, राजगढ़ एवं सिवनी में जिला जीआईएस योजना प्रणाली परियोजना लागू हो रही है। इसमें सर्वप्रथम पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हरदा जिले में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर आदित्य सिंह द्वारा हरदा जीआईएस एप लान्च किया गया। इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रोद्योगिक विभाग मध्यप्रदेश शासन भोपाल के अतिरिक्त परियोजना संचालक डॉ.संदीप गोयल एवं उनकी टीम भी उपस्थित थी।

इस अवसर पर बताया गया कि इस पोर्टल/एप से जिले में अधोसंरचना संबंधी परियोजनाओं का क्रियान्वयन व मॉनिटरिंग आसान होगी। यह एप नई परियोजनाओं को शुरू करने में तो मददगार सिद्ध होगा ही साथ ही आपदा प्रबन्धन व्यवस्थाओं में भी सहायक सिद्ध होगा। इस एप्लीकेशन के माध्यम से शासकीय योजनाओं की मेपिंग और मॉनिटरिंग आसान होगी तथा नई योजनाओं की प्लानिंग करना और सरल हो जाएगा।
किस तरह मददगार सिद्ध होगा हरदा जीआईएस सिस्टम
हरदा जीआईएस प्रणाली के माध्यम से अधिकारीगण जिले में विकास योजनाओं को तैयार करने और विकास कार्यों की मॉनिटरिंग करने में मदद ले सकेंगे। इस एप के माध्यम से निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा भी हो सकेगी। सभी विभागों के जिला अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित विकास कार्यों की मेपिंग कराने के निर्देश दे दिये गये है। इसके साथ ही जिले के अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने विभाग से संबंधित जानकारी नियमित रूप से जीआईएस सिस्टम में अपडेट करते रहें। यह जीआईएस एप फसल क्षति के आंकलन में भी मददगार सिद्ध हो सकता है। जीआईएस एप के माध्यम से किस गांव में क्या संसाधन उपलब्ध है और क्या संसाधन उपलब्ध नहीं है, ये दोनों जानकारियाँ उपलब्ध रहेंगी। किस गांव में कितने हेण्डपम्प है, उसमें से कितने चालू स्थिति में है, हेण्डपम्प का मैकेनिक कौन है ? इस तरह की सूक्ष्म जानकारी भी नागरिकों को जीआईएस सिस्टम के माध्यम से उपलब्ध रहेगी। जीआईएस प्रणाली के माध्यम से यह जानकारी भी उपलब्ध हो सकेगी।वही, विकास कार्यों के लिये जिले में कितना लेण्ड बैंक कहाँ उपलब्ध है, उसमें से कहाँ अतिक्रमण है? यह सब जानकारी भी मिल सकेगी।

नागरिकगण स्मार्टफोन से अपने मांग संबंधी आवेदन जीआईएस एप के माध्यम से पहुँचा सकेंगे
कलेक्टर सिंह ने बताया कि हरदा जिले के जीआईएस आधारित इस एप से जिले के नागरिकों को एक अतिरिक्त सुविधा देने की तैयारी भी की जा रही है,जिसके माध्यम से कोई भी आम नागरिक अपनी शासकीय विभागों से संबंधित डिमाण्ड की एप्लिकेशन भी जिला प्रशासन को अपने स्मार्टफोन के माध्यम से भेज सकेगा। उन्होने बताया कि समस्याओं के आवेदन के लिये तो सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा केन्द्र जैसे प्लेटफार्म उपलब्ध है।अब नागरिकों की मांग संबंधी आवेदनों को प्राप्त कर उनका ऑनलाइन निराकरण कराने की दिशा में यह नवाचार किया जा रहा है जो कि अगले एक-दो सप्ताह में लागू हो जाएगा।

