
हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से बी- ग्रेड प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह महाविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि नैक द्वारा यह पहली बार है कि महाविद्यालय को बी- ग्रेड मिली है, जिससे पूरे परिसर में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय में नैक पीयर टीम की ऑनलाइन विजिट 16 से 17 मई 2025 के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई थी, जिसके बाद यह परिणाम घोषित किया गया।
वर्षो का संघर्ष, अब जाकर मिली सफलता
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि महाविद्यालय को इससे पहले 2007 में पहली बार डबल सी प्लस ग्रेड और 2017 में सी- ग्रेड से प्रत्यायित किया गया था। वर्तमान मूल्यांकन महाविद्यालय का तीसरा चक्र था, जिसके लिए पिछले चार वर्षों से महाविद्यालय द्वारा लगातार कठिन परिश्रम किया गया था। इस अथक प्रयास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि इस बार बी- ग्रेड प्राप्त हुई है।
प्राचार्य ने दी बधाई, खुले विकास के द्वार
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिकरवार ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इस सफलता को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। इस बी- ग्रेड के साथ, महाविद्यालय को अब विभिन्न मदों से सरकारी अनुदान और वित्तीय सहायता प्राप्त होगी। यह न केवल महाविद्यालय की शिक्षण गुणवत्ता में सुधार लाएगा, बल्कि आधुनिक बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर), प्रभावकारी शिक्षण विधियों, ई-रिसोर्सेज, ई-लाइब्रेरी लर्निंग, और अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में भी बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सहायक होगा। यह उपलब्धि स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा के लिए एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है, जो भविष्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।

