हरदा पुलिस ने दबोचा सोनकच्छ का कुख्यात कंजर गैंग: डकैती की योजना विफल, तीन गिरफ्तार

हरदा। हरदा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सोनकच्छ के कुख्यात कंजर ट्रक कटिंग गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश हरदा के एक पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की फिराक में थे। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरदा श्रीमती अर्चना शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से एक बड़े अपराध को समय रहते टाल दिया गया।

डकैती की साजिश का पर्दाफाश-

1 जून 2025 की रात हरदा पुलिस को एक गोपनीय सूचना मिली थी कि इंडस्ट्रियल एरिया के एक खंडहर भवन में 6 हथियारबंद बदमाश छीपानेर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे हैं। ये सभी एक महिंद्रा एक्सयूवी (क्रमांक MP 41 PK 4287) से पहुंचे थे। सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीमें हरकत में आईं और तुरंत दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी देखकर तीन आरोपी तो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन तीन को मौके से ही धर दबोचा गया।

पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से तीन देशी कट्टे/पिस्टल, कारतूस, चेहरा छुपाने वाले मास्क, रस्सी और डकैती की योजना में काम आने वाली अन्य सामग्री जब्त की गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब्त की गई एक्सयूवी महिंद्रा गाड़ी का इंजन और चेसिस नंबर घिसा हुआ पाया गया है, जिससे इसके चोरी की होने का संदेह है।

गिरफ्तार और फरार आरोपी-

गिरफ्तार आरोपी हैं:

  • भवानी चौहान (50 वर्ष), पिता अड़मत चौहान, निवासी ग्राम औड़, थाना सोनकच्छ, जिला देवास।
  • अभिलाष सिसोदिया (30 वर्ष), पिता दिलीप सिसोदिया, निवासी ग्राम औड़, थाना सोनकच्छ, जिला देवास।
  • गौरव सिसोदिया (21 वर्ष), पिता महेश सिसोदिया, निवासी ग्राम औड़, थाना सोनकच्छ, जिला देवास।
    वहीं, फरार होने वालों में शामिल हैं:
  • गोलू (पिता हटेसिंह कंजर), निवासी ग्राम औड़, थाना सोनकच्छ, जिला देवास।
  • नितेश (पिता हटेसिंह कंजर), निवासी ग्राम औड़, थाना सोनकच्छ, जिला देवास।
  • नरेंद्र गुडेन, निवासी शाजापुर।

लंबा आपराधिक इतिहास-

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे ट्रक कटिंग कर चोरी करने की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। इन सभी का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से अभिलाष सिसोदिया, गौरव सिसोदिया और फरार गोलू हटेसिंह कंजर के खिलाफ देवास और सागर जिलों के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

इधर, हरदा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में सघन अभियान चला रही है। साथ ही, गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।

इनकी रही सराहनीय भूमिका-

आरोपीगणों की गिरफ्तारी में सराहनीय कार्य में निरीक्षक प्रहलादसिंह मर्सकोले थाना प्रभारी कोतवाली हरदा, निरीक्षक सुभाष दरश्यामकर थाना प्रभारी हण्डिया, उप निरीक्षक अनिल गुर्जर चौकी करताना, उप निरीक्षक रिपुदमन सिंह, उप निरीक्षक मानवेन्द्र भदोरिया रहटगांव, उप निरीक्षक पुरूषोत्तम गौर, उनि सीताराम पटेल, सूबेदार उमेश ठाकुर, सउनि सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रआर तुषार धनगर, प्र.आर. कमलेश कुमार, प्र.आर. दुर्गेश सेंगर, प्र.आर. नितिन श्रीवास्तव, प्र.आर. हरप्रसाद पटेल, प्र.आर. करण साहू, प्र.आर. शैलेन्द्र धुर्वे, प्र.आर. देवेन्द्र राव, प्रआर राजेश मालवीय, आर. संजीव सिकरवार, आर. वीरेन्द्र राजपूत, आर. गोपाल यादव, आर. अर्जुन लोवंशी, आर. प्रदीप मालवी, आर. रवीन्द्र, आर. उमेश पवार, सायबर सेल आर. लोकेश, कमलेश, मनोज, आर. चालक संजू चौहान, सैनिक संतोष औझा, सेनिक सूरज पासी की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment