सीएम राइज़ स्कूल, अबगांव कला: कीचड़ भरा रास्ता, छात्रों के लिए आफत

हरदा। जिले के अबगांव कला स्थित सीएम राइज़ स्कूल तक पहुंचने के रास्ते मे कीचड़ व गड्ढे हो चुके है , जिससे छात्रों को हर दिन भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अबगांव कला, जो सीएम राइज़ स्कूल का ही एक हिस्सा है, नौवीं से बारहवीं तक के 10 गांवों के 180 छात्र-छात्राएं बारिश के मौसम में इस कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। सरकार जहां सीएम राइज़ स्कूलों में करोड़ों रुपये खर्च कर बेहतर शिक्षा और सुविधाएं देने का दावा करती है, वहीं अबगांव कला की यह स्थिति इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।

बदहाल सड़क से जूझते छात्र-छात्राएं

यह चौंकाने वाली बात है कि जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर होने के बावजूद, अबगांव कला सीएम राइज़ स्कूल के छात्रों को इस मूलभूत समस्या से जूझना पड़ रहा है। स्कूल तक पहुंचने के लिए बसों की सुविधा होने के बावजूद, कई छात्र कीचड़ से सने रास्ते से पैदल या साइकिल से स्कूल जाने को मजबूर हैं। हाल ही में एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें स्कूली बच्चे कीचड़ में फंसी बस को धक्का लगाते दिख रहे थे। यह दृश्य शिक्षा विभाग के अधिकारियों की घोर उदासीनता को दर्शाता है, जबकि छात्र अपने भविष्य को संवारने के लिए हर दिन इस मुश्किल भरे सफर को तय कर रहे हैं।

जिम्मेदार बेखबर, पत्राचार का भी असर नहीं

जब इस संबंध में मीडिया ने सीएम राइज़ स्कूल के प्राचार्य अजय पाराशर से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि सड़क नहीं बनने से बच्चों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण और सुधार के लिए वे ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव से लेकर शिक्षा विभाग तक को पत्राचार कर चुके हैं, लेकिन आज तक इस पर कोई सुधार नहीं हुआ है। इधर,बारिश के दिनों में सड़क की हालत और भी बदतर हो जाती है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और जिम्मेदार अधिकारियों को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। छात्रों के लिए सुगम और सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। अब देखना यह होगा कि इन बच्चों को कब तक सड़क की सुविधा मिल पाती है और कब तक उन्हें इस कीचड़ भरे रास्ते से मुक्ति मिलती है।

Leave a Comment