
हरदा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बिजली के तार चुराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लाखों रुपये के चोरी हुए बिजली के तार, एक चार पहिया वाहन और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सफलता-
बता दे कि हाल ही में मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के सहायक प्रबंधक अरुण कुमार चंदेले ने सिविल लाइन थाने में 11 केवी लाइन के खामापडवा- केलनपुर मार्ग पर 26 खंभों से 1.77 किमी लंबे बिजली के तार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए, पुलिस अधीक्षक हरदा, श्री शशांक के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा और एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी ने इस मामले की जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस को एक ‘टाटा छोटा हाथी’ लोडिंग वाहन के बारे में जानकारी मिली, जो घटना की रात उस इलाके से गुजरा था। वाहन नंबर (MP-47/L-0725) की मदद से पुलिस आदिल रजा खान तक पहुंची। मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में आदिल ने अपने साथियों धीरेंद्र उर्फ धीरू नागले, अजीम खान और समीर खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
गिरोह का सरगना और तरीका-
गिरोह का सरगना धीरेंद्र उर्फ धीरू नागले है, जो पहले एक इलेक्ट्रिक ठेकेदार के लिए ‘पेटी कॉन्ट्रैक्टर’ के रूप में काम कर चुका है। 25 फीट ऊंचे बिजली के खंभों पर चढ़कर काम करने में माहिर होने के कारण, उसने अपनी इस विशेषज्ञता का उपयोग चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया। पुलिस ने अन्य आरोपी समीर खान और अजीम खान को भी गिरफ्तार किया। अजीम खान के औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोदाम से और घटना स्थल के पास नाले में छुपाकर रखे गए चोरी के तारों के बंडल भी बरामद किए गए।
जब्त सामान और आगे की कार्रवाई-
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 4 लाख रुपये के चोरी हुए बिजली के 10 बंडल तार, 5 लाख रुपये का लोडिंग वाहन (नंबर MP-47/L-0725) और दो मोटरसाइकिलें (नंबर MP-47/ZB-0663 और MP-47/ZC-8351) जब्त की हैं। जब्त किए गए कुल माल की कीमत 9 लाख रुपये है। सभी चार आरोपियों को हरदा न्यायालय में पेश किया गया। गिरोह के सरगना धीरेंद्र उर्फ धीरू नागले और आदिल रजा खान को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिनसे अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की संभावना है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी के साथ उप निरीक्षक प्रकाश सोलंकी, संजय सिंह ठाकुर, करण साहू, विजय प्रजापति, कमलेश, यश शर्मा, अभिषेक और सचिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

