हरदा: चलती ट्रेन में हुआ प्रसव, डायल 112 बनी देवदूत

राजेंद्र बिल्लौरे,हरदा।

चलती ट्रेन में अचानक प्रसव पीड़ा से गुजर रही एक महिला के लिए डायल 112 संकटमोचक बनकर सामने आया। डायल 112 की टीम ने ऐसी तत्परता दिखाई कि प्रसव के तुरंत बाद महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया जा सका।

ट्रेन बनी ‘अस्पताल’, 112 बनी ‘देवदूत’

​घटना उस समय की है जब 21 वर्षीय नीतू सिंह पति सोनू सिंह, निवासी कुल्हड़िया कॉम्प्लेक्स, अशोक नगर, लाजपत रोड, पटना तिलक नगर से पाटलिपुत्र की यात्रा कर रही थीं। चलती ट्रेन में उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और उन्होंने बच्चे को ट्रेन में जन्म दिया। ​स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, यात्रियों ने तत्काल आपातकालीन नंबर डायल 112 पर कॉल किया।

आरक्षक और पायलट ने दिखाई मिसाल

​सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात आरक्षक अखिलेश चतुर्वेदी और पायलट नर्मदा प्रसाद ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला। दोनों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टिमरनी के पास ट्रेन से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उसे टिमरनी के सरकारी अस्पताल पहुँचाया।

​डायल 112 टीम की इस असाधारण तत्परता और मानवीय सहयोग के कारण नवजात शिशु और माँ, नीतू सिंह, दोनों को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।अस्पताल में फिलहाल महिला का उपचार किया जा रहा है और दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। ​आरक्षक अखिलेश चतुर्वेदी और पायलट नर्मदा प्रसाद के इस त्वरित और प्रशंसनीय कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है, जिसने एक माँ और उसके बच्चे के लिए नया जीवन सुनिश्चित किया।

Leave a Comment