
हरदा। जिले की ग्राम पंचायत बिछौला मॉल में गांधी जयंती के पावन अवसर पर आयोजित ग्राम सभा में किसानों की एक बड़ी और गंभीर समस्या के समाधान का मंच बन गई। बता दे कि ग्राम पंचायत के किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए, सरपंच और सचिव को ज्ञापन सौंपकर अत्यधिक वर्षा से खराब हुई फसलों के तत्काल सर्वे और किसानों को उचित राहत राशि प्रदान करने की पुरज़ोर मांग की है।
किसानों ने बताया कि इस साल भारी और लगातार बारिश के कारण उनकी खड़ी फसलें, विशेष रूप से सोयाबीन और अन्य खरीफ फसलें, पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। खेतों में पानी जमा होने से दाना काला पड़ गया है और कई जगह तो फसलें गलकर गिर गई हैं। किसानों को अब भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर ग्राम सभा में उपस्थित सभी ग्रामीण महिला-पुरुषों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। ग्राम सभा में उपस्थित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि किसानों की बदहाली को देखते हुए, बिना किसी देरी के जल्द से जल्द खेतों का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके और उन्हें संकट से उबरने में मदद मिल सके। किसानों के इस सामूहिक प्रयास और ग्राम सभा के सर्वसम्मत प्रस्ताव से यह स्पष्ट है कि क्षेत्र में फ़सल नुकसान एक गंभीर चिंता का विषय बन चुका है, जिस पर प्रशासन का तत्काल ध्यान अपेक्षित है।

