छीपाबड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लाखों रुपये की अफीम और एमडी के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

हरदा। जिले की छीपाबड़ थाना पुलिस टीम ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बता दे कि पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा के कुशल निर्देशन तथा एसडीओपी खिरकिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आरपी कवरेती के नेतृत्व में छिपाबड़ पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने मीडिया को बताया कि पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, छीपाबड़ पुलिस ने भिरंगी रेलवे गेट के आगे हरदा रोड पर पटेल ढाबे के पास नहर किनारे रेलवे लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। इस दौरान छिपाबड़ पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा,जिनमे कपिल पिता जगदीश विश्नोई, उम्र 40 वर्ष, निवासी टेमलावाडी, थाना छीपावड़,आकाश पिता रामदयाल विश्नोई, उम्र 32 वर्ष, निवासी पांचातलाई, थाना हंडिया व दीपक पिता नर्मदाप्रसाद शर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी भादूगांव, थाना हंडिया का रहने वाला है। उन्होने कहा कि इन आरोपियों के पास से कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया हैं,जिसमे अफीम: 502 ग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5 लाख है।वही,एमडी 59 ग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 90 हजार है। इसके साथ अवैध मादक पदार्थ कच्चा माल: 183 ग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत 18 हजार रूपए बताई गई है।

इसके अतिरिक्त, पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन जिनकी कीमत 31 हजार, एक ब्रेजा कार अनुमानित कीमत 10 लाख और आरोपियों के पास से नगद 1 लाख 15 हजार 750 भी जब्त किए हैं। इस प्रकार, कुल जब्त की गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 22 लाख 54 हजार 750 है। छीपाबड़ पुलिस ने आरोपियों कपिल विश्नोई, आकाश विश्नोई और दीपक शर्मा के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 8, 17, 22 के तहत अपराध क्रमांक 230/25 दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस जब्तशुदा मादक पदार्थों के स्रोत और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया में है। इस सफल कार्रवाई में छीपाबड़ थाना पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने तत्परता और कुशलता का परिचय देते हुए इस बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई हरदा पुलिस के अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Leave a Comment