दूरस्थ ग्राम कायदा में कल लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर

हरदा।जिले के वनग्रामों में निवासरत ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई कर निराकरण करने व योजनाओं की जानकारी उन्हें देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देशन में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किये जा रहे हैं।

इसी क्रम में अगला शिविर 9 नवम्बर को टिमरनी विकासखण्ड के वनग्राम कायदा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कायदा, कुमरूम, बोरपानी, डेहरिया, जड़कउ, मालेगांव व दिदम्दा के ग्रामीणजनो की समस्याएं सुनी जायेंगी।

यह शिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जायेगा। कलेक्टर सिंह ने सभी जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि इस शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करें तथा शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि व जनपद पंचायत पदाधिकारियों को भी आमंत्रित करें।

Leave a Comment