हरदा।गुरुवार को हरदा जिला कांग्रेस कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई।इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को स्मरण किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का जीवन और उनकी सोच आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान और स्वतंत्र भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उनके नेतृत्व में देश ने आधुनिक भारत की नींव रखी, जिसमें विज्ञान, शिक्षा, उद्योग और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को प्राथमिकता दी गई।नेहरू का सपना एक समृद्ध, स्वावलंबी और प्रगतिशील भारत का था। उनके आदर्शों पर चलकर ही हम एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उनके द्वारा स्थापित संस्थानों और योजनाओं ने भारत के विकास को दिशा दी, और यह हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम उनके मूल्यों और सिद्धांतों का पालन करें।
उनका समर्पण और उनकी विचारधारा हमें सिखाती है कि देश की उन्नति के लिए सभी को साथ लेकर चलना चाहिए। आइए, हम उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें और भारत को उनके सपनों का देश बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
कार्यक्रम में अमर रोचलानी, गगन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मुकेश कलवानिया, रूपेश पटेल, महेश मालवीया, अजय सिंह राजपूत, रमेश सोनकर, सुनील गीते, संजय पांडेय सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने पंडित नेहरू के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

