
हरदा। शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में ग्राहकों को दूषित और बासी खाद्य सामग्री परोसकर उनकी जान जोखिम में डाली जा रही है। सवाल यह है कि क्या हरदा का खाद्य विभाग अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है?
बता दे कि हरदा शहर के आईटीआई कालेज के पास मगरदा रोड स्थित राधे रानी केटरिंग होटल पर सोमवार को यह चौंकाने वाला मामला सामने आया। होटल संचालक ग्राहकों को बचे हुए पुराने और बदबूदार समोसे गर्म करके खिला रहे थे। यह गंभीर लापरवाही तब उजागर हुई, जब स्थानीय मीडिया टीम ने खुद नाश्ते के दौरान इसे पाया।

त्योहारों के समय में यह सीधे-सीधे लोगों की सेहत से खिलवाड़ है। बासी खाना खिलाकर ये फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ा रहे हैं। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद खाद्य विभाग और प्रशासन मौन है। नागरिकों का सीधा आरोप है कि विभाग होटल संचालकों की मनमानी पर कोई अंकुश नहीं लगा रहा है।
इधर, होटल संचालक ने मीडिया के कैमरे के सामने तो बचाव किया, लेकिन कर्मचारियों को खराब चीजों का ध्यान रखने की बात कहकर अप्रत्यक्ष रूप से गलती स्वीकार कर ली।वही, मीडिया कर्मी ने खाद्य विभाग के अधिकारी को जब फोन कर यह वाक्य बताया तो उन्होंने उल्टा मीडिया कर्मी को कहा कि आप ऐसे होटल पर क्यों गए जहाँ,सही से नास्ता नही मिल रहा। अब सवाल तो खाद्य विभाग के अधिकारी पर भी उठ रहे है। जिन्हें जिम्मेदारी होती है कि वह जांच कर बासी खाद्य पदार्थ परोसने वाले होटल संचालक पर कार्रवाई करें। लेकिन, सवाल यह है कि क्या हरदा प्रशासन केवल त्योहारों के देखते हुए नाममात्र की कार्रवाई करता है, या फिर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते रहेंगे।

