
हरदा। हरदा जिले में बेहतर रेल सेवाओं की कमी को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अपनी आवाज बुलंद की है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास ने पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें हरदा स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है। इस ज्ञापन के जरिए हरदा के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उजागर किया गया है।
ट्रेनों के स्टापेज नही होने से अन्य स्टेशनों पर जाना पड़ता-
गोविंद व्यास ने अपने ज्ञापन में इस बात पर जोर दिया कि हरदा जिला आर्थिक और कृषि के क्षेत्र में देश के अग्रणी जिलों में शामिल है। यहां के किसान, व्यापारी और युवा अपनी व्यावसायिक और शैक्षिक गतिविधियों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार यात्रा करते हैं। हालांकि, पर्याप्त ट्रेनों के ठहराव की कमी उनकी प्रगति में एक बड़ी बाधा बन रही है। हरदा के नागरिकों को अक्सर लंबी दूरी की यात्रा के लिए इटारसी या अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
लम्बे समय से नागरिकों की प्रमुख मांगें-
गोविंद व्यास ने जिन प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है, उनके पीछे ठोस कारण भी बताए है।नागपुर-भुसावल वाया इटारसी: स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में नागपुर एक प्रमुख केंद्र है। हरदा के कई गंभीर मरीज विशेष इलाज के लिए नागपुर जाते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन न होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस ट्रेन का ठहराव मरीजों और उनके परिजनों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा।वही, नई दिल्ली-बेंगलुरु कर्नाटक एक्सप्रेस (12628/12627): यह ट्रेन यात्रियों के बीच बहुत लोकप्रिय है और इसके ठहराव की मांग लगातार बढ़ रही है। अध्यक्ष ने याद दिलाया कि इस ट्रेन का स्टॉपेज पहले भी हरदा में था और उस दौरान इसका व्यवसायिक रिकॉर्ड बहुत अच्छा रहा था, जो यह साबित करता है कि इसकी जरूरत कितनी ज्यादा है। हैदराबाद-अजमेर एक्सप्रेस (17019/17020): वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन रुकती है। ज्ञापन में इसे बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन करने की मांग की गई है, क्योंकि यह राजस्थान और हैदराबाद के लिए हरदा से एकमात्र सीधी ट्रेन है। नांदेड़-अमृतसर सचखंड एक्सप्रेस (12716/12715): शाम 4 बजे के बाद भोपाल और दिल्ली जाने के लिए कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। यह ट्रेन इस बड़े अंतराल को भरेगी और धार्मिक महत्व के कारण श्रद्धालुओं के लिए भी सुविधाजनक होगी।इसी तरह भगत की कोठी ट्रेन (17605/17606): यह ट्रेन विशेष रूप से अजमेर शरीफ जाने वाले तीर्थयात्रियों और अन्य पर्यटकों को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे उनकी यात्रा और भी आसान हो जाएगी।

