
हरदा।जिला पुलिस हरदा ने आज घंटाघर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों पर नियंत्रण लगाना और जनता को जागरूक करना था। इस कार्यक्रम में साइबर अपराध, महिला अपराध, बाल अपराध, घरेलू हिंसा, यातायात जागरूकता और अनैतिक गतिविधियों जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में श्रीमती अर्चना शर्मा SDOP हरदा, डीएसपी महिला सेल अरूणा सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान, महिला थाना प्रभारी अंजना पाटिल, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, साइबर सेल शाखा से आरक्षक कमलेश परिहार, एडवोकेट सुदीप मिश्रा, नगर रक्षा समिति मुख्य रक्षक भैयालाल राठौर एवं उनकी टीम उपस्थित रहे। इस अवसर पर घंटाघर क्षेत्र के व्यापारी, महिलाएं, पुरुष और लगभग 100-150 लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य बातें-
- साइबर अपराधों से बचाव: ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा और बैंकिंग फ्रॉड से बचने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
- महिला एवं बाल सुरक्षा: घरेलू हिंसा, लैंगिक अपराध और बाल अधिकारों से संबंधित कानूनी जागरूकता फैलाई गई।
- यातायात नियमों की जानकारी: यातायात नियमों के महत्व और दुर्घटनाओं से बचने के उपायों पर प्रकाश डाला गया, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर जोर दिया गया।
- वीडियो प्रस्तुतिकरण: अपराधों की प्रकृति को समझाने के लिए वीडियो क्लिप्स का प्रदर्शन किया गया।
- ग्रामीणों से संवाद: ग्रामीणों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को सुनकर समाधान पर चर्चा की गई।
- ग्राम रक्षा समिति की भूमिका: ग्राम रक्षा समिति की भूमिका पर चर्चा की गई।
एस.डी.ओ.पी. श्रीमती अर्चना शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि “समाज में अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और जनता के बीच समन्वय बेहद जरूरी है। अपराधों के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।”
जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की जनता को न केवल अपराधों के प्रति सतर्क किया गया बल्कि उन्हें जागरूक नागरिक बनने और पुलिस के साथ सहयोग करने का भी संदेश दिया गया।