
हरदा। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे के निर्देशानुसार, यातायात पुलिस ने शहर में बिना नंबर प्लेट और बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाले वाहनों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत, थाना प्रभारी यातायात संदीप सुनेश ने अपने स्टाफ को शहर के विभिन्न मार्गों और चौराहों पर तैनात किया, ताकि ऐसे वाहनों को पकड़ा जा सके जिन पर नंबर प्लेट नहीं हैं या जिन पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं हैं।

बता दे कि यातायात पुलिस टीम ने बिना नंबर वाले कई वाहनों को पकड़ा और उन्हें थाने ले गई। इन वाहनों के खिलाफ चालान कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने चेसिस नंबर की सहायता से इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबरों का पता लगाया और उन्हें वाहनों पर अंकित करवाया। कुल 25 बिना नंबर वाले वाहनों पर चालान किया गया और उन पर नंबर अंकित कराए गए। इसके साथ ही, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करके तेज आवाज और पटाखे की आवाज निकालने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के दौरान, 42 वाहनों पर चालान किया गया और 17,600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात प्रभारी संदीप सुनेश ने बताया कि जिले में विभिन्न अपराधों में बिना नंबर वाले वाहनों की संलिप्तता और शहर में ऐसे वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यातायात पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर नंबर प्लेट जरूर लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

