
हरदा। आगामी त्योहारों और विशेषकर ईद-उल-फितर के मद्देनजर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को स्थानीय कंट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न समाज के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।
अधिकारियों ने दिए सुरक्षा के निर्देश-
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अशोक डेहरिया ने की। इस अवसर पर एसडीओपी शालिनी परास्ते, तहसीलदार राजेन्द्र पवार, कोतवाली थाना प्रभारी सुरेश कालाभोर और सिविल लाइन थाना प्रभारी आरएस तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।

व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा-
बैठक में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने त्योहार के दौरान सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और यातायात प्रबंधन को लेकर अपने सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई की जाएगी। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु बैठक में चर्चा हुई।
इस दौरान बैठक में अधिकारियों व समाज के लोगो ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी सभी समुदाय मिल-जुलकर हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएंगे। साथ ही बैठक में सभी सदस्यों ने शहर में शांति और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान पत्रकार मोईन अख्तर, गणमान्य नागरिक व समाज के लोग मौजूद रहे।