आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित करने दिये निर्देश
हरदा।शुक्रवार को जिला कलेक्टर आदित्य सिंह ने सिराली तहसील के ग्राम लोलांगरा स्कूल और आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया।कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता को गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में सम्मानित करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास संजय त्रिपाठी को दिए। उल्लेखनीय है कि निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी के बच्चों ने कलेक्टर सिंह को कविता सुनाई और अंग्रेजी का पाठ पढ़कर बताया। उन्होंने आंगनबाड़ी के बच्चों से पोषण आहार वितरण के संबंध में जानकारी ली और कार्यकर्ता से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के संबंध में पूछताछ की।

कलेक्टर सिंह ने ग्राम लोलांगरा स्कूल में बच्चों से की चर्चा
कलेक्टर सिंह ने ग्राम लोलांगरा के मिडिल स्कूल का भी आकस्मिक निरीक्षण किया।उन्होंने बच्चों से गणित के सवाल करवाएं और अंग्रेजी का पाठ पढ़वाया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डी एस रघुवंशी, डीपीसी बलवंत पटेल तथा एसडीएम अशोक डेहरिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने स्कूल के बच्चों से चर्चा कर गणवेश वितरण, साइकिल वितरण, मध्यान्ह भोजन वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्कूल का किचन शेड और टॉयलेट भी देखा और साफ सफाई रखने के निर्देश दिए।

