मोबाइल के लिए विवाद, बड़े भाई ने ली छोटे भाई की जान: हरदा में सनसनीखेज खुलासा

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र के हिवाला मांदला में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बड़े भाई ने मोबाइल न देने के विवाद में अपने छोटे भाई की जान ले ली। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा शनिवार को हरदा पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ।

पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने मीडिया को बताया कि मृतक राजा काजले की पत्नी ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि यह विवाद मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ था। मृतक के बड़े भाई राजू काजले ने राजा से मोबाइल मांगा, लेकिन चूंकि मोबाइल चार्जिंग पर लगा था, राजा उसे नहीं दे पाया। इसी बात पर बड़े भाई राजू को गुस्सा आ गया और उसने आवेश में आकर अपने छोटे भाई राजा के सिर पर डंडा दे मारा।

बता दे कि डंडे के वार से राजा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके दाहिने कान से खून बहने लगा और शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, जिससे स्पष्ट हो गया कि उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजू काजले मौके से फरार हो गया। छिपाबड़ थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। लगातार दो दिनों तक पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए राजू की तलाश की। आखिरकार, तलाशी के दौरान आरोपी राजू काजले को पुलिस ने देख लिया। उसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। बता दे कि इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है और परिवार के भीतर हुए इस दुखद हत्याकांड ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस टीम में पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति, एसडीओपी खिरकिया के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी में थाना छीपाबड के उनि दिनेश रावत, उनि संतोष श्रीवास्तव, उनि कमलसिहं ठाकुर, सउनि चंदनशाह ऊईके, सउनि राजेन्द्र मीणा, प्र.आर. मुरारी दुबे, आर. रविन्द्र कवरेती, आर. रविन्द्र गोयल, आर. सौरभ राजपूत, आर. कमलेश परिहार, आर. लोकेश सातपुते, आर.202 रितेश कुमार, आर. राहुल रघुवंशी, प्रवीण रघुवंशी, सैनिक 127 राजेश की महतवपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment