सिराली पुलिस की बड़ी सफलता: 48 घंटे में ‘अंधे कत्ल’ का पर्दाफाश, अवैध संबंध और 50 हजार के लेन-देन में हुई हत्या

राजेन्द्र बिल्लौरे,हरदा।

​मध्यप्रदेश के हरदा जिले की सिराली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहां पुलिस टीम ने एक जटिल ‘अंधे कत्ल’ की गुत्थी को मात्र 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार (लाठी) भी बरामद की है।

उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई-

बता दे कि ​यह सफलता पुलिस अधीक्षक श्री शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खिरकिया राबर्ट गिरवाल के कुशल नेतृत्व में थाना सिराली पुलिस टीम द्वारा प्राप्त की गई है। पुलिस ने हत्या के आरोपी रामदीन मालवीय को गिरफ्तार किया है।

घटना का विवरण-

पुलिस के अनुसार 20 अक्टूबर दीपावली के दिन फरियादिया जुगराई बाई ने थाना सिराली में सूचना दी कि उनके पति सुखलाल कलमे उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम इमलीढ़ाना खालवा, हाल ग्राम लालमाटी जो खेत मालिक रामदीन मालवीय के घर मजदूरी कर रहे थे, सुबह 6 बजे गाय-भैंस चराने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। ​खेत मालिक रामदीन और उसके बेटों द्वारा तलाश करने पर सुखलाल का शव ग्राम लालमाटी के पास एक खेत में मिला। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर देखा कि मृतक सुखलाल का शव बीच खेत में पड़ा था और उनके चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। इस रिपोर्ट पर थाना सिराली में अपराध क्रमांक 300/25, धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा-

​जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लोगों से गहन पूछताछ की और मुखबिर सूचना एकत्र की। इसमें यह महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि घटना के दिन मृतक सुखलाल के साथ उसका खेत मालिक रामदीन भी गाय-भैंस चराने गया था, लेकिन वह सुखलाल से 2-3 घंटे पहले ही वापस लौट आया था। ​इस सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने खेत मालिक रामदीन मालवीय से हिकमत-अमली रणनीतिक तरीके से पूछताछ की। सख्ती के सामने आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

हत्या की वजह: अवैध संबंध और मजदूरी का विवाद-

पुलिस को ​आरोपी रामदीन ने बताया कि उसका मृतक सुखलाल की पत्नी से अवैध संबंध था। साथ ही, मृतक सुखलाल अपनी पत्नी को लेकर काम छोड़कर जाने की बात कह रहा था और अपनी मजदूरी के 50 हजार की मांग कर रहा था। इसी विवाद के चलते रामदीन ने गाय-भैंस चराने के दौरान मजदूर सुखलाल के चेहरे पर लाठी से मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी खेत मालिक रामदीन मालवीय पिता बृजलाल मालवीय उम्र 58 साल, निवासी ग्राम लालमाटी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी भी जब्त कर ली है।

इनकी ​सराहनीय भूमिका रही-

​इस सफल पर्दाफाश में थाना प्रभारी सिराली उनि सीताराम पटेल, उनि हेमंत पाण्डेय, सउनि कमल किशोर मांझी, संजय शर्मा, प्र०आर० तुषार धनगर, गजेन्द्र यादव, आरक्षक सुनील ईवने, मनमोहन यादव, उमेश पंवार, अनूप उईके, रवि तिवारी, गेंदालाल, अर्जुन एवं सायबर सेल टीम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment