
हरदा। जिले के रहटगांव में बीते दिनों हुई एक सुनार की दुकान में चोरी की घटना का रहटगांव पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही चुराया गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है, जिससे पुलिस की व्यावसायिक दक्षता और तत्परता एक बार फिर साबित हुई है।
बता दे कि फरियादी अनिल पिता दिनेश सोनी, निवासी रहटगांव ने पुलिस को सूचना दी। 14 जुलाई 2025 की दरमियानी रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी दुकान के ऊपर लगे टीन शेड को उचकाकर और सीलिंग हटाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। चोर ने दुकान से पुराने बदेले की चांदी के जेवरात (एक नग करदोरा पट्टे का जिस पर पीसी की सील लगी है, एक सगरीये करदोरा चार चेन वाला जिस पर जीपी की सील लगी है) के साथ-साथ छोटे कान के कुंडल, पैर की पायल, मद्रासी पट्टी और राजकोटी पट्टी जैसे आभूषण चुरा लिए थे। इन सभी चांदी के जेवरातों का कुल वजन लगभग सवा किलो था, जिसकी कीमत लगभग 90,000 रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने बताया कि अनिल सोनी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 210/25, धारा 303(1), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पुलिस की त्वरित कार्यवाही से जेवरात बरामद
इस चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) टिमरनी ने आरोपियों की तलाश के लिए थाना रहटगांव से एक विशेष दल का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लगातार मुखबिरों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
काफी मशक्कत और लगातार प्रयासों के बाद, पुलिस को मुखबिर से एक महत्वपूर्ण सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर, संदेही अनिकेत पिता नानकराम परते, उम्र 22 साल, निवासी जामवाड़ी, रहटगांव को दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस की पूछताछ में अनिकेत ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी अनिकेत के बताए अनुसार, पुलिस ने चोरी किए गए सम्पूर्ण चांदी के जेवरात कुल वजनी सवा किलो, कीमत 90 हजार विधिवत जब्त कर लिए। इसके बाद, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने सराहा पुलिस टीम का कार्य
इस सफल खुलासे में पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति हरदा का विशेष मार्गदर्शन रहा। रहटगांव पुलिस द्वारा की गई इस कार्यवाही में चोरी के आरोपी की पहचान और शत-प्रतिशत माल की बरामदगी ने उनकी उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता का परिचय दिया है।
इस पूरे ऑपरेशन में एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया, थाना प्रभारी रहटगांव उनि मानवेन्द्र सिंह भदौरिया, उनि संतोष बामने, आर. 143 अजय तिवारी, प्रआर. 141 देवेन्द राव, आर. 348 ब्रजेश चौहान, मआर. 383 ललिता सुरागे, आर 307 रवीन्द्र गौतम, और सैनिक 47 मांगीलाल की आरोपियों की तलाश, पहचान और माल बरामदगी में विशेष भूमिका रही।

