हरदा: अज्ञात कारणों से 26 वर्षीय युवक ने किया जहरीले पदार्थ का सेवन, डायल-100 जवानों ने पहुंचाया अस्पताल

हरदा। जिले के थाना छीपाबड़ क्षेत्र में सोमवार को एक 26 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डायल -100 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल -100 भोपाल को 10 फरवरी को सूचना मिली कि छीपाबड़ थाना क्षेत्र में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही छीपाबड़ थाना क्षेत्र में तैनात डायल -100 वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। डायल -100 स्टाफ के आरक्षक सतेन्द्र राजपूत एवं पायलट सुनील किरार ने मौके पर पहुंचकर देखा कि 26 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डायल -100 के जवानों ने तत्काल उसे एफआरवी वाहन से खिरकिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Comment