करताना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक से अवैध महुआ शराब ले जाते दो आरोपी गिरफ्तार

​60 लीटर कच्ची शराब और मोटरसाइकिल जब्त, कुल मशरूका करीब 42 हजार रुपये

राजेंद्र बिल्लोरे, हरदा।

​जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करताना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध कच्ची महुआ शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 60 लीटर शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद की गई है।

​पुलिस अधीक्षक शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, एसडीओपी आकांक्षा तलया टिमरनी के मार्गदर्शन एवं टिमरनी थाना प्रभारी मुकेश गौड़ के निर्देशन में चौकी प्रभारी करताना प्रकाश सोलंकी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हरदा मेन रोड स्थित ग्राम पुरा तालाब के पास घेराबंदी की और बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका।

​तलाशी लेने पर उत्तम पिता घनश्याम प्रजापत 55 वर्ष, निवासी अन्नापुरा और अखिलेश पिता खलियान सिंह मेषकर 36 वर्ष, निवासी टंकी मोहल्ला, हरदा के पास से चार कुप्पों में भरी कुल 60 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 12,000 रुपये है, जबकि परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित कुल मशरूके की कीमत लगभग 42,000 रुपये आंकी गई है।

​पुलिस ने शराब के नमूने लेकर बाकी शराब को विधिवत सील कर दिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश सोलंकी, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक दीपक जाट, प्रधान आरक्षक राजा बकौरिया एवं सैनिक राहुल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment