
हरदा। जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के करताना चौकी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और 25 हजार रुपये कीमत की 58.320 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एस.डी.ओ.पी. आकांक्षा तलया के निर्देशन व टिमरनी थाना प्रभारी रोशनलाल भारती के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
बता दे कि यह कार्रवाई 1 अप्रैल 2025 की है, जब टिमरनी थाने की करताना चौकी पुलिस टीम को सूचना मिली कि गोगिया गांव में एक व्यक्ति अवैध शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गोगिया गांव में पुलिया के पास बनी टापरी में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 7 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसमें कुल 324 क्वार्टर थे। जब्त शराब की कुल मात्रा 58.320 लीटर है, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये है।
आरोपी की पहचान विजय पिता महेश परते (35 वर्ष) निवासी गोगिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सीताराम पटेल, प्रधान आरक्षक सईद खान,आरक्षक मनोज,आरक्षक विकास,चालक आरक्षक शैलेंद्र राजपूत,सैनिक विष्णुप्रसाद,सैनिक रूपसिंह राजपूत की विशेष भूमिका रही।

