
हरदा। शनिवार को हरदा के वार्ड क्रमांक 1, जयप्रकाश नारायण वार्ड में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर से वार्ड के निवासियों को घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हुईं।आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सेवंती शर्मा और सहायिका ममता माली के सहयोग से वार्ड के सभी निवासियों को शिविर में इकट्ठा किया गया।
आयुष विभाग की डॉ. प्रियंका मीणा ने यहाँ आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयाँ दीं। डॉ. मीणा ने आयुर्वेदिक उपचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला और लोगों को इसके लाभों के बारे में विस्तार से समझाया।
शिविर में आए लोगों को जिला अस्पताल में स्थित आयुष विभाग में भी आकर अपना उपचार जारी रखने की सलाह दी गई। इस शिविर में लगभग 50 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जाँच करवाई और इस पहल का लाभ उठाया। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान करने में मदद मिल रही है।

