
हरदा। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे के निर्देश पर हरदा पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में, सिराली पुलिस ने एक शातिर अपराधी संतोष पिता चैनसिंह कोचलकर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 60 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 12,000 रुपये बताई जा रही है।
क्या है मामला–
थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आदतन अपराधी संतोष कोचलकर अवैध शराब की तस्करी कर रहा है। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर भीमपुरा-मोरगढ़ी तिराहे पर दबिश दी और आरोपी को दो नीले ड्रमों के साथ पकड़ा। जांच करने पर ड्रमों में कच्ची महुआ शराब भरी हुई मिली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहले भी अवैध शराब के मामले दर्ज हैं।
ढाबों और गांवों में खुलेआम बिक रही है शराब
पुलिस की इस कार्रवाई के बावजूद, जिले में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। सूत्रों के अनुसार, हरदा जिले के ढाबों पर खुलेआम अंग्रेजी और देशी शराब बेची जा रही है। इसके अलावा, गांव-गांव में भी शराब आसानी से मिल रही है।
सवाल यह उठता है कि जब अवैध शराब का कारोबार इतना व्यापक है, तो पुलिस और आबकारी विभाग इस पर कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि यह सब सांठगांठ का नतीजा है, जिसके कारण पुलिस की छोटी-मोटी कार्रवाई के बावजूद अवैध शराब का धंधा फल-फूल रहा है।
इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम:
निरीक्षक रामसुमेर तिवारी, उपनिरीक्षक संजय शर्मा, उपनिरीक्षक कमलकिशोर मांझी, प्रधान आरक्षक प्रमोद साहू, आरक्षक सुनील इवने और महिला आरक्षक चांदनी।

