
हरदा। छत्तीसगढ़ राज्य के क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल द्वारा अग्र शिरोमणि भगवान अग्रसेन महाराज जी के संबंध में की गई अभद्र और अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रीय स्तर पर विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इसी क्रम में, हरदा जिले के टिमरनी नगर में अग्रवाल समाज संगठन ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सड़क पर दिखा समाज का रोष-
अग्रवाल समाज में इस टिप्पणी को लेकर भारी रोष व्याप्त है। समाज संगठन ने सोमवार को एकजुट होकर टिमरनी में एक विशाल विरोध रैली निकाली। रैली का आगाज़ स्थानीय गांधी चौक से हुआ। बड़ी संख्या में समाज के सदस्यों ने बाइक रैली के माध्यम से अपना विरोध जताया। यह रैली सूर्या टावर और बस स्टेशन जैसे मुख्य मार्गों से होते हुए तहसील परिसर पहुँची।
तहसीलदार को सौंपा गया ज्ञापन-
तहसील परिसर पहुँचकर, अग्रवाल समाज संगठन के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी के नाम एक ज्ञापन तैयार कर तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई है कि अग्र शिरोमणि भगवान अग्रसेन महाराज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले अमित बघेल के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। समाज की भावनाओं को आहत करने वाले ऐसे तत्वों पर कानूनी शिकंजा कसा जाए।

ये रहे उपस्थित-
इस विरोध रैली में अग्रवाल समाज संगठन के सभी प्रमुख सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुटता का प्रदर्शन किया। उपस्थित लोगों में अध्यक्ष दिनेश गर्ग, मनमोहन सिंहल, राजेन्द्र अग्रवाल, महेशचन्द्र गर्ग, मुकेश गर्ग, डॉ विकास अग्रवाल, आशीष गर्ग, अंकित सिंहल, अंकुर अग्रवाल, लवकुश अग्रवाल, दीपेश गर्ग, आशुतोष सिंहल, अमित गर्ग, संदीप अग्रवाल, विकेश गोयल, अंकुश अग्रवाल, समर्थ सिंहल, अश्विनी सिंहल, हिमांशु बंसल, अर्पित गर्ग सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु शामिल थे।

