
राजेंद्र बिल्लौरे,हरदा।
मध्यप्रदेश के हरदा जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर क्षेत्र के एक शातिर आदतन अपराधी को सवा किलो अवैध गांजे और तस्करी में प्रयुक्त पल्सर बाइक के साथ रंगे हाथों दबोचा है।
मुखबिर की सूचना पर खंडवा रोड पर घेराबंदी-
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक के निर्देशन और एएसपी श्री अमित कुमार मिश्रा व एसडीओपी शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आर.एस. तिवारी ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ टीम गठित की थी।
7 और 8 फरवरी की दरमियानी रात पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी पुलिस चौकी (खंडवा रोड) के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पल्सर मोटरसाइकिल (MP 47 MJ 5766) पर बैठे व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।

शातिर अपराधी है आरोपी रोशन शाह-
बता दे कि पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रोशन शाह उर्फ खलीफा (59 वर्ष), निवासी मानपुरा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से 1.223 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार मूल्य करीब 15,000 रुपये है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 1 लाख रुपये कीमत की पल्सर बाइक भी जब्त कर ली है। कुल मशरूका 1,15,000 रुपये बताया जा रहा है।
रिकॉर्ड में दर्ज है अपराधी का इतिहास: पुलिस के अनुसार रोशन उर्फ खलीफा एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी NDPS एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
इस सफल कार्यवाही में सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी, सउनि संजय ठाकुर, प्रआर विजय प्रजापति, आरक्षक वीरेन्द्र राजपूत, सैनिक सूरज पासी और संतोष ओझा का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 45/2026, धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल हरदा भेज दिया गया है।
