हरदा:सिटी कोतवाली पुलिस की मुस्तैदी से 1 घंटे में मिला मासूम, बालक पूरी तरह सुरक्षित

राजेन्द्र बिल्लौरे,हरदा।

जिले के अबगांव खुर्द से लापता हुए 6 वर्षीय बालक शिवांश प्रजापति के मामले में हरदा सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला है। पुलिस की इस तत्परता ने एक परिवार की खुशियाँ वापस लौटा दी हैं।

बता दे कि सोमवार को दोपहर करीब 3:30 बजे, जब रोहित प्रजापति ने थाने आकर सूचना दी कि उनका 6 वर्षीय बालक दोपहर 2:30 बजे से लापता है, तो पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

​वरिष्ठ अधिकारियों का निर्देशन: पुलिस अधीक्षक श्री शशांक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी SDOP श्रीमती शालिनी परस्ते एवं थाना प्रभारी सुरेश कालभोर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

​मैदानी कार्रवाई: थाने से प्रधान आरक्षक दीपक जाट (368) और आरक्षक प्रदीप मालवीय (75) को तत्काल बालक की पतारसी हेतु रवाना किया गया।

​खेतों में मिला बालक-

​पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर ग्राम अबगांव खुर्द और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत और पूछताछ के बाद बालक डगावानीमा रोड की तरफ एक खेत में सुरक्षित मिल गया। पुलिस ने बिना समय गंवाए बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द किया।

थाना प्रभारी सुरेश कालाभोर ने बताया कि ​सूचना मिलते ही हमारी टीम ने गांव के आसपास के रास्तों को खंगाला। आरक्षक और प्रधान आरक्षक की सक्रियता से बालक को समय रहते ढूंढ लिया गया। बालक पूरी तरह सुरक्षित है।

पुलिस की सराहनीय भूमिका-

​इस कार्रवाई में कोतवाली थाने के प्रआर दीपक जाट और आरक्षक प्रदीप मालवीय की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। बालक के मिलते ही परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है और पूरे गांव ने राहत की सांस ली है।

Leave a Comment