
राजेंद्र बिल्लौरे, चीफ एडिटर
छनेरा। मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश करते हुए, शासकीय हाई स्कूल छनेरा की छात्रा पायल कुल्हारे ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में 95% अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पायल की इस गौरवशाली उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे नगर में खुशी का माहौल है।
परिवार में खुशी की लहर-
पायल के पिता अशोक कुल्हारे और माता श्रीमती सुनीता कुल्हारे ने अपनी बेटी की इस सफलता पर खुशी जाहिर की। पायल के नानाजी, रामकृष्ण बिल्लौरे ने गर्व से कहा, आज बेटियाँ, बेटों से बहुत आगे हैं। वे हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत साबित कर रही हैं। परिवार के सदस्यों—दादी सावित्री बाई कुल्हारे और भाई वरुण कुल्हारे सहित सभी परिचितों ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और पायल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय का शानदार प्रदर्शन-
पायल की सफलता में उनके शिक्षकों का भी बड़ा योगदान रहा। शासकीय हाई स्कूल छनेरा का कुल रिजल्ट 91% रहा है। विद्यालय के प्राचार्य सचिन राजोरिया ने पायल को बधाई देते हुए कहा- पायल ने 95% अंक लाकर विद्यालय का मान बढ़ाया है। हमारा उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा देना है, जिसके लिए हम एक्स्ट्रा क्लास और छुट्टियों के दिन भी विशेष पढ़ाई सत्र आयोजित करते हैं।
इस अवसर पर स्कूल स्टाफ—विकास सरमण्डल, अतुल सर, अजय खण्डेल, मीना सोनी और सानू राजोरिया ने भी पायल की लगन की प्रशंसा की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

सफलता का संदेश-
पायल कुल्हारे की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा है। उनकी मेहनत ने साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।