
राजेन्द्र बिल्लौरे,हरदा।
मध्यप्रदेश के हरदा जिले में जल स्तर को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद अवैध बोरिंग का खेल धड़ल्ले से जारी है। ताजा मामला शुक्रवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुकरावद से सामने आया है, जहाँ पुलिस ने एक अवैध बोरिंग मशीन को रंगे हाथों पकड़ा है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई-

जानकारी के अनुसार, कुकरावद निवासी किसान उमाशंकर खोरे के खेत में स्थित कुएं के भीतर अवैध रूप से बोरिंग किया जा रहा था। सिविल लाइन थाना पुलिस को जैसे ही मुखबिर के जरिए इसकी भनक लगी, पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और मशीन को जब्त कर थाने ले आई। बताया जा रहा है कि पकड़ी गई मशीन रतलाम जिले की है।

जिला कलेक्टर ने 1 अप्रैल से लगा रखा है प्रतिबंध
गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए जिला कलेक्टर ने 1 अप्रैल से जिले में नलकूप खनन और खेतों में बोरिंग करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों को ताक पर रखकर चोरी-छिपे खेतो में अवैध बोरिंग कार्य में लगे हुए हैं।

जिला कलेक्टर के आदेशानुसार 1 अप्रैल से बोरिंग पर प्रतिबंध प्रभावी है।हमें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुकरावद में अवैध बोरिंग किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीन को जब्त किया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनका कहना है?
— आर.एस. तिवारी, थाना प्रभारी, सिविल लाइन थाना हरदा