
राजेंद्र बिल्लौरे,हरदा।
जिले के ग्राम पलासनेर के मुक्तिधाम में शनिवार को ग्रामवासियों द्वारा सामूहिक रूप से स्वच्छता एवं हरियाली अभियान चलाया गया। इस दौरान न केवल परिसर की साफ-सफाई की गई, बल्कि ग्रामीणों ने मुक्तिधाम को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
संस्कारों और जिम्मेदारी का संगम-
संतोष मांझी ने कहा कि यह केवल एक सफाई अभियान नहीं है, बल्कि यह गांव की एकता, सामूहिक जिम्मेदारी और हमारे संस्कारों का प्रतीक है। मुक्तिधाम हमारे पूर्वजों की स्मृतियों से जुड़ा एक अत्यंत पवित्र स्थान है, जिसे स्वच्छ और सम्मानजनक बनाए रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
इनकी रही विशेष उपस्थिति-
इस पुनीत कार्य में गांव के अनेक युवाओं और वरिष्ठजनों ने अपना श्रमदान दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अजय मिश्रा (उप सरपंच), सुनील यादव, संतोष मांझी, रामविलास पटेल, कमलेश यादव, प्रेम गुर्जर, योगेश गुर्जर सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
निरंतर जारी रहेगा प्रयास:माझी
ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और सहभागिता से पलासनेर मुक्तिधाम को आदर्श बनाने का यह प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। भविष्य में यहाँ अधिक से अधिक पौधारोपण कर इसे पूरी तरह हरा-भरा बनाने की योजना है।