टिमरनी में बैंक ऑफ़ इंडिया के नवीन शाखा परिसर का भव्य उद्घाटन, वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ग्राहकों का हुआ सम्मान

​टिमरनी। बैंक ऑफ़ इंडिया की टिमरनी शाखा अब एक नए और आधुनिक परिसर में ग्राहकों की सेवा के लिए तैयार है। हाल ही में बैंक ऑफ़ इंडिया की टिमरनी शाखा के नवीन परिसर का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस नए परिसर का उद्घाटन मुख्य अतिथि फिल्ड महाप्रबंधक (भोपाल कार्यालय) माननीय श्री संजय श्रीवास्तव द्वारा फीता काटकर किया गया।
​इस गरिमामयी समारोह में बैंक ऑफ इंडिया खण्डवा आंचलिक कार्यालय के आला अधिकारियों सहित टिमरनी क्षेत्र के बड़ी संख्या में सम्मानीय ग्राहक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

​वरिष्ठ ग्राहकों का हुआ सम्मान, साझा किए मधुर अनुभव

​उद्घाटन के विशेष अवसर पर महाप्रबंधक श्री संजय श्रीवास्तव द्वारा बैंक के वरिष्ठ नागरिक ग्राहकों का श्रीफल एवं शॉल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। वहीं आंचलिक प्रबंधक माननीय श्री विश्व रंजन मिश्र ने उपस्थित ग्राहकों को बैंक के विभिन्न आधुनिक उत्पादों, योजनाओं और डिजिटल सेवाओं से अवगत कराया। उन्होंने बैंक पर निरंतर विश्वास बनाए रखने के लिए सभी ग्राहकों का आभार भी व्यक्त किया।

​कार्यक्रम के दौरान बैंक के पुराने ग्राहकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह शाखा वर्ष 2011 से टिमरनी में संचालित है। तब से लेकर आज तक बैंक और यहाँ के स्टाफ के साथ हमारे संबंध बेहद मधुर रहे हैं। यहाँ का स्टाफ ग्राहक सेवा के लिए सदैव तत्पर और सहयोगी रहता है।

​टिमरनी शाखा के लिए गर्व का क्षण: शाखा प्रबंधक

​शाखा प्रबंधक श्री जितेंद्र नामदेव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह टिमरनी शाखा के लिए बेहद गर्व की बात है कि नवीन परिसर के उद्घाटन के अवसर पर बैंक के इतने वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्राहक हमारा उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित हुए। उन्होंने नए परिसर में ग्राहकों को और अधिक बेहतर व सुविधायुक्त सेवाएं देने का संकल्प दोहराया।

​ये अधिकारी रहे उपस्थित-

​समारोह में बैंक के आंचलिक प्रबंधक माननीय श्री विश्व रंजन मिश्र, उप आंचलिक प्रबंधक श्री राजीव कुमार, खंडवा आंचलिक कार्यालय से मानव संसाधन प्रबंधक श्री योगेश पाटिल सहित खण्डवा आंचलिक कार्यालय के अन्य अधिकारी और टिमरनी शाखा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

​इस शानदार और सफल कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री जयकांत मिश्रा द्वारा किया गया। नवीन सर्वसुविधायुक्त परिसर की शुरुआत से स्थानीय ग्राहकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Comment