
राजेंद्र बिल्लौरे,हरदा।
हरदा के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत अबगांव खुर्द (नया नगर) के पास कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।

गाँव लौट रहे थे बाइक सवार-
जानकारी के अनुसार, छीपानेर निवासी कमलेश 26 वर्ष, पिता रामविलास और राजू 22 वर्ष, पिता वंशीलाल अपनी बाइक पर सवार होकर हरदा से अपने गाँव छीपानेर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छीपानेर की तरफ से हरदा आ रही एक कार से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे में कार सवार व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।

डायल 112 की टीम ने दिखाई सक्रियता-
दुर्घटना की खबर मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। आरक्षक रामदीन डोंगरे और पायलट दीपक कुल्हारे ने सूझबूझ और सक्रियता दिखाते हुए बिना वक्त गंवाए दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को हरदा जिला अस्पताल पहुँचाया। फिलहाल जिला अस्पताल के डॉक्टरों की देखरेख में दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।