कार अनियंत्रित होकर नदी में गिरी, बड़ा हादसा टला: डायल 112 की टीम और ग्रामीणों ने दो लोगों को सुरक्षित निकाला

राजेंद्र बिल्लोरे, हरदा।

​मोरघड़ी रोड स्थित सोनपुरा नदी के पास शनिवार रात करीब 8 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित होकर एक स्विफ्ट कार सोनपुरा नदी में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

​मोड़ पर बिगड़ा कार का संतुलन-

जानकारी के अनुसार, नहाली निवासी राजेश गुर्जर पिता बृजलाल गुर्जर और कैलाश पिता बालाराम अपनी स्विफ्ट कार से अपने गांव नहाली लौट रहे थे। इसी दौरान सोनपुरा नदी के पास स्थित मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी।

​डायल 112 की मुस्तैदी, ग्रामीणों का सहयोग आया काम

घटना के वक्त डायल 112 की टीम आरक्षक अशोक बारिबा और पायलट अजय दुनगे किसी अन्य इवेंट के सिलसिले में मोरघड़ी की ओर जा रहे थे। सोनपुरा नदी के पास कार को गिरते देख पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई। ग्रामीणों के सहयोग से डायल 112 की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। समय पर मिली मदद से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसकी क्षेत्रवासी सराहना कर रहे हैं।

Leave a Comment