5 वर्षों से निरंतर जारी है युवाओं की यह अनूठी पहल, 75 शिक्षकों को किया गया सम्मानित

राजेंद्र बिल्लोरे, हरदा।
जिले में शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को सिराली के तीन प्रमुख विद्यालयों में जमीनी स्तर से जुड़े युवा समाजसेवियों ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और सन साइन स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 75 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। युवाओं द्वारा शिक्षकों के सम्मान की यह प्रेरक पहल बीते 5 वर्षों से लगातार जारी है।

समारोह के दौरान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। छात्राओं ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक के जरिए शिक्षा के महत्व और समाज में उसके प्रभाव को बखूबी रेखांकित किया।

शिक्षक दिवस पर स्कूली बच्चे मौजूद-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा समाजसेवी अजय मंडलेकर ने कहा कि शिक्षक ज्ञान का अथाह सागर हैं। गुरु का मार्गदर्शन और शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण तथा एक आदर्श समाज की वास्तविक नींव है। वरिष्ठ समाजसेवी उमेश पाटिल ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन शिक्षा और समाज सेवा को समर्पित था। वहीं, युवा कार्यकर्ता जितेंद्र चौरे ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे व्यक्ति जीवन की सर्वोच्च ऊंचाइयों को छू सकता है।

इन प्रमुख शिक्षकों का हुआ सम्मान:
कार्यक्रम में बालक स्कूल के प्राचार्य सत्यनारायण चंदेले, कन्या स्कूल के प्राचार्य संजय करोडे, सन साइन स्कूल के डायरेक्टर सचिन कुमार अग्रवाल सहित केवलराम उईके, प्रकाश चंद्र शर्मा, प्रकाश बडबूदे, योगेश बिल्लौरे, संदीप अवस्या, पीयूष कुमार राठौर, अखिलेश कुमार मन्नासे, प्रशांत चौरसिया, आविद खान, वर्षा गौर, बबीता राजपूत, रितिका योगी, रुबीना खान, सेवंती कलमें, धनराज दुधे, रश्मि करोडे, रेणु शर्मा, दुर्गा ठाकुर, भारती वर्मा, श्वेता गुप्ता, आनंद किरावर, संजू कुमार इंदौरे और आशीष सांवले का वरिष्ठ समाजसेवी उमेश पाटिल, युवा समाजसेवी कांता प्रसाद पाल तथा युवा कार्यकर्ता जितेंद्र चौरे द्वारा शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।