
राजेन्द्र बिल्लोरे, हरदा।
भिरंगी-मसनगांव के बीच रेलवे ट्रैक पर शनिवार शाम को घायल अवस्था में पड़े एक युवक को डायल 112 की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय पर अस्पताल पहुँचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि भिरंगी और मसनगांव के बीच रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल 112 के आरक्षक रामदीन डोंगरे और पायलट सचिन बिश्नोई बिना वक्त गंवाए तत्परता से घटनास्थल पर पहुंचे।
अस्पताल में उपचार जारी-
डायल 112 की टीम ने बिना देरी किए घायल युवक को ट्रैक के पास से उठाया और तुरंत हरदा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में युवक का इलाज जारी है।
पहचान की कोशिशें तेज-
जांच के दौरान पुलिस को युवक की जेब से एक पहचान पत्र जो कि आधार कार्ड बरामद हुआ है। दस्तावेज़ के अनुसार युवक का नाम मुक्तादीर हसन, पिता अब्दुल मोजीद शेख है और वह असम का रहने वाला है। गंभीर चोटों और बेहोशी की हालत के कारण युवक फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।