हरदा थाना कोतवाली पुलिस की मुस्तैदी: अपहरण के चंद घंटों के भीतर बालक सकुशल बरामद, परिजनों में खुशी की लहर

​हरदा। थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले को चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने अपहृत बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसकी मां को सौंप दिया है, जिससे पीड़ित परिवार के चेहरों पर दोबारा मुस्कान लौट आई है।

​पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बनी टीम-

​घटना की गंभीरता को देखते हुए हरदा पुलिस अधीक्षक श्री शशांक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) हरदा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोशनलाल भारती द्वारा तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को बालक की शीघ्र पतारसी के कड़े निर्देश दिए गए थे।

​चंद घंटों में त्वरित कार्रवाई-

​मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 438/2026 के तहत धारा 137(2) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज कर तेजी से छानबीन शुरू की। प्रभावी कार्रवाई के चलते पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में अपहृत बालक को सुरक्षित ढूंढ निकाला। ​बालक को उसकी माता श्रीमती सीमा पति ओंकार के सुपुर्द कर दिया गया है। अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और हरदा पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया।

​परिजनों का संदेश: पुलिस ने जिस तत्परता से काम किया, उसकी जितनी सराहना की जाए कम है। हमारे बच्चे को इतनी जल्दी वापस लाने के लिए हम हरदा पुलिस के सदैव आभारी रहेंगे।

​इनकी रही सराहनीय भूमिका-

​इस कार्रवाई में कोतवाली थाने के पुलिसकर्मियों में ​सुरेंद्र श्रीवास्तव सहायक उपनिरीक्षक,​दीपक जाट प्रधान आरक्षक,​प्रदीप मालवीय आरक्षक की विशेष भूमिका रही।

Leave a Comment